पीएम सूर्यघर योजना का लाभ उठाने की अपील
डीसीबी चेयरमैन बोले— बिजली बचाएं, सोलर अपनाएं; योजना से मिल रही सब्सिडी और अतिरिक्त आय का भी अवसर
एटा। जलेसर नगर के इसौली चौराहा के निकट रविवार को अनुदानित सोलर पैनल के अधिकृत बिक्री केंद्र का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर डीसीबी चेयरमैन प्रत्येंद्र पाल सिंह ने लोगों से प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना का लाभ उठाकर अपने घरों की छतों पर सोलर पैनल लगवाने और बिजली बिल से राहत पाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की सोलर पैनल सब्सिडी योजना के तहत घरेलू उपभोक्ताओं को छतों पर सोलर पैनल लगाने के लिए वित्तीय सहायता दी जा रही है। योजना का उद्देश्य आम लोगों को सस्ती एवं स्वच्छ ऊर्जा उपलब्ध कराना, बिजली बिल कम करना तथा पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि एवं चेयरमैन प्रतिनिधि संजीव वर्मा ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की यह योजना आम लोगों के लिए बेहद लाभकारी साबित हो रही है। इससे बिजली कटौती और महंगे बिजली बिल से राहत मिलती है। उन्होंने कहा कि अतिरिक्त बिजली को ग्रिड में बेचकर लोग आय भी अर्जित कर सकते हैं, जिससे यह योजना आम उपभोक्ताओं के लिए दोहरा लाभ देने वाली है।
उत्तर प्रदेश नेडा से अधिकृत सब्सिडी सोलर पैनल प्रतिष्ठान ओम बांके बिहारी ट्रेडर्स के संचालक ओम प्रताप सिंह ने बताया कि दो किलोवाट तक के सोलर सिस्टम पर 30 हजार रुपये प्रति किलोवाट की दर से सब्सिडी मिलती है। वहीं तीन किलोवाट तक के सिस्टम पर अधिकतम 78 हजार रुपये तक का अनुदान उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के तहत उपभोक्ता हर माह 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। यदि सोलर पैनल से उत्पन्न बिजली घरेलू खपत से अधिक होती है तो अतिरिक्त बिजली को ग्रिड में बेचकर आय भी अर्जित की जा सकती है।
उन्होंने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक का भारत का स्थायी निवासी होना, घर में वैध बिजली कनेक्शन होना तथा सोलर पैनल लगाने के लिए उपयुक्त और मजबूत छत होना आवश्यक है। साथ ही आवेदक ने पहले किसी अन्य सरकारी सोलर सब्सिडी योजना का लाभ नहीं लिया होना चाहिए।
इस अवसर पर चेयरमैन प्रतिनिधि संजीव वर्मा, लोकेंद्र पाठक, आर्येंद्र पाल सिंह, वीरेंद्र प्रताप सिंह, रमेश पाल सिंह, पवेंद्र सिंह ‘पम्मी’, सचिन उपाध्याय, श्यामवीर सिंह, अशोक शर्मा, नवीन दीक्षित, आशू ठाकुर, सतेंद्र जादौन, वागीश यादव, हरीश वार्ष्णेय, नरेश पाल सिंह, संजय कुशवाह सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।








