डीएम ने मांगे सुझाव
अंबेडकरनगर। भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में मतदेय स्थलों के संभाजन (रैशनलाइजेशन) को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ईशा प्रिया की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि आयोग के निर्धारित मानकों के अनुसार लगभग 1200 मतदाताओं के आधार पर मतदेय स्थलों का निर्धारण किया जाएगा। इसके लिए मतदान केंद्रों का भौतिक सत्यापन, आवश्यकता अनुसार पुनर्निर्धारण तथा नए मतदेय स्थलों के प्रस्ताव तैयार किए जा रहे हैं, ताकि मतदाताओं को अधिक सुविधाजनक एवं व्यवस्थित मतदान केंद्र उपलब्ध कराए जा सकें।
उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से मतदेय स्थलों के संबंध में अपने सुझाव एवं आपत्तियां निर्धारित समयावधि में उपलब्ध कराने का आग्रह किया, जिससे सभी बिंदुओं पर निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से विचार करते हुए अंतिम प्रस्ताव तैयार किया जा सके।
बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने अपने सुझाव प्रस्तुत किए, जिन पर जिलाधिकारी ने नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रंजीत सिंह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी महेश चंद्र द्विवेदी, समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष जंगबहादुर यादव, भाजपा मंडल अध्यक्ष अभिषेक निषाद, अपना दल (एस) के जिलाध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह पटेल, बसपा जिलाध्यक्ष सुनील सावंत सहित संबंधित निर्वाचन अधिकारी एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे







