IAS ओजस्वी राज ने संभाली कमान
मथुरा। उत्तर प्रदेश सरकार के प्रशासनिक फेरबदल के तहत मथुरा-वृंदावन नगर निगम को नया नगर आयुक्त मिल गया है। भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी ओजस्वी राज को नगर निगम का नया नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है।
ओजस्वी राज इससे पहले बलिया में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) के पद पर कार्यरत थे। वहीं, अब तक नगर आयुक्त रहे जग प्रवेश का तबादला कर उन्हें वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है।
नए नगर आयुक्त की नियुक्ति के साथ ही मथुरा-वृंदावन नगर निगम में नए प्रशासनिक नेतृत्व की शुरुआत हो गई है। उनके सामने शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाना, जलभराव की समस्या का समाधान, अतिक्रमण हटाना, सड़कों का सुधार और नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ करना जैसी कई महत्वपूर्ण चुनौतियां होंगी।
शहरवासियों को उम्मीद है कि ओजस्वी राज के नेतृत्व में नगर निगम के विकास कार्यों में तेजी आएगी और शहर की मूलभूत समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।








