अमेठी। मानव तस्करी पर शिकंजा कसने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन रक्षा” के तहत अमेठी पुलिस ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की। बाल कल्याण समिति और ए,एच,टी,यू की संयुक्त टीम ने अमेठी कोतवाली क्षेत्र के होटल-गेस्ट हाउस में चेकिंग के दौरान रेलवे स्टेशन के ठीक सामने स्थित तिवारी गेस्ट हाउस से 3 नाबालिग लड़कियों को संदिग्ध अवस्था में बरामद किया।
सूत्रों के मुताबिक, गेस्ट हाउस में लंबे समय से अनैतिक गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं। सूचना पर पहुंची टीम ने कमरों की तलाशी ली तो तीनों लड़कियां संदिग्ध हालत में मिलीं। पुलिस के अनुसार बरामद सभी लड़कियां नाबालिग हैं और दूसरे राज्यों की निवासी बताई जा रही हैं। पूछताछ के बाद तीनों को तत्काल बाल कल्याण समिति के संरक्षण में भेज दिया गया है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि गेस्ट हाउस संचालक समेत अन्य कर्मचारियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच मानव तस्करी के एंगल से भी की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि लड़कियों को यहां कौन लाया और किस मकसद से रखा गया था। इस कार्रवाई के बाद पूरे जिले में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने जिले के सभी होटल और गेस्ट हाउस संचालकों को सख्त हिदायत दी है कि बिना पहचान पत्र के किसी को भी कमरा न दिया जाए। नियम तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ए, एच,टी,यू प्रभारी ने कहा कि “ऑपरेशन रक्षा” के तहत जिले में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। नाबालिगों से जुड़े मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने कहा कि मामले की गहराई से जांच हो रही है। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। लड़कियों के बयान और दस्तावेजों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।








