महराजगंज ।भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी शुक्रवार को जनपद के विजयपुर गांव पहुंचे। यहाँ उन्होंने भाजपा सेक्टर प्रमुख और पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ता राजू विश्वकर्मा के आवास पर जाकर उनके सुपुत्र के असामयिक निधन पर अपनी गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। इस दुखद घड़ी में पूरी उत्तर प्रदेश भाजपा इकाई और क्षेत्रीय नेतृत्व पीड़ित परिवार के साथ खड़ा नजर आया।
—-
शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया
केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और इस बेहद कठिन एवं संवेदनशील समय में हरसंभव सहायता और साथ देने का अटूट भरोसा दिलाया। शोक संतप्त परिजनों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता हमारे परिवार का हिस्सा है। आज के इस कठिन दौर में कार्यकर्ता का दुख, मेरा व्यक्तिगत दुख है। भाजपा महज एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक वृहद परिवार है और इस परिवार के किसी भी सदस्य पर आई पीड़ा, हम सभी की सामूहिक पीड़ा होती है। इस संकट की घड़ी में हम सब मिलकर परिवार को संबल प्रदान करेंगे।”
__
ईश्वर से की शांति की प्रार्थना
पंकज चौधरी ने परिजनों के बीच कुछ समय बिताया, उनका हालचाल जाना और उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की चिर शांति के लिए प्रार्थना करते हुए कहा कि भगवान शोक संतप्त परिवार को इस असहनीय और अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें, तथा पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें।
___
शीर्ष नेताओं ने भी अर्पित की श्रद्धांजलि
इस दुखद अवसर पर केंद्रीय मंत्री के साथ क्षेत्र के कई अन्य वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पांडेय और सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने भी राजू विश्वकर्मा के आवास पर पहुंचकर दिवंगत आत्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि इस अपूरणीय क्षति की भरपाई करना असंभव है, लेकिन पूरा संगठन इस दुख की घड़ी में उनके साथ मजबूती से खड़ा है।








