छह दमकल वाहनों ने पाया काबू, कोई जनहानि नहीं
सुल्तानपुर। शहर के कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित प्यारेपट्टी रोड पर रविवार देर रात एक गोदाम में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
अपर पुलिस अधीक्षक वृजनारायन सिंह ने बताया कि 12 जुलाई की रात करीब 11 बजे प्यारेपट्टी रोड स्थित एक गोदाम, जिसे मोहम्मद अहमद का बताया जा रहा है, में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं।
उन्होंने बताया कि आग बुझाने के लिए छह दमकल वाहनों को लगाया गया। दमकल कर्मियों की तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
अपर पुलिस अधीक्षक के अनुसार, आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मौके पर स्थिति पूरी तरह सामान्य है और शांति व्यवस्था कायम है।








