क्रैक साइबर क्राइम अभियान के तहत खलीलाबाद साइबर सेल की त्वरित कार्रवाई, बैंक समन्वय से लौटाई गई धनराशि
अमृत उजाला न्यूज | संतकबीरनगर
संतकबीरनगर पुलिस के “क्रैक साइबर क्राइम अभियान” के तहत साइबर सेल थाना कोतवाली खलीलाबाद ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के दो पीड़ितों को कुल ₹1,00,000 की धनराशि वापस कराई है। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई से पीड़ितों को बड़ी राहत मिली।
यूपीआई भुगतान अटकने पर वापस मिले ₹90 हजार
वार्ड नंबर-18, गोला बाजार दक्षिणी निवासी गिरजेश ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्होंने एक ज्वेलर्स व्यापारी को यूपीआई के माध्यम से ₹90,000 का भुगतान किया, लेकिन राशि व्यापारी के खाते में नहीं पहुंची। शिकायत मिलने के बाद साइबर हेल्प डेस्क ने संबंधित बैंक से समन्वय स्थापित कर प्रभावी पैरवी की, जिसके परिणामस्वरूप पूरी ₹90,000 की राशि पीड़ित के खाते में वापस करा दी गई।
अधिक पैसे का लालच देकर ठगे गए, लौटे ₹10 हजार
सेमराडाड़ी निवासी सुमन भारती से अज्ञात साइबर ठगों ने अधिक पैसा दिलाने का झांसा देकर ₹40,000 ट्रांसफर करा लिए थे। शिकायत के बाद साइबर सेल ने कार्रवाई करते हुए पीड़िता के खाते में ₹10,000 की राशि वापस कराई।
इन पुलिसकर्मियों ने निभाई अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई में साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश दूबे, अपराध निरीक्षक वीरेन्द्र कुमार यादव, आरक्षी रविकांत कुशवाहा, महिला आरक्षी शिवांगी सिंह, आरक्षी अनुज शुक्ला तथा ऋतिक वर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
साइबर अपराध से बचाव के लिए पुलिस की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक, ओटीपी, क्यूआर कोड या लालच देने वाले संदेशों पर भरोसा न करें। यदि कोई साइबर ठगी का शिकार होता है तो तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई कर धनराशि सुरक्षित कराई जा सके।







