संतकबीरनगर: 30 शिक्षकों को मिले प्रतीकात्मक कार्ड
अमृत उजाला न्यूज़ | संतकबीरनगर
प्रदेश के उच्च शिक्षा विभाग के शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ किया। इस योजना के तहत शिक्षकों और उनके आश्रितों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं एवं सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराई जाएगी। योजना का शुभारंभ डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा से किया गया, जिसका सीधा प्रसारण संतकबीरनगर के कलेक्ट्रेट सभागार में भी देखा गया।
30 शिक्षकों को मिले प्रतीकात्मक कार्ड
जनपद में आयोजित कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एवं प्रभारी मंत्री विजयलक्ष्मी गौतम ने उच्च शिक्षा विभाग के 30 शिक्षकों को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के प्रतीकात्मक कार्ड प्रदान किए। इस दौरान उन्होंने योजना को शिक्षकों के कल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
7.5 लाख शिक्षकों और कर्मचारियों को मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इस योजना का लाभ प्रदेश के 7.5 लाख से अधिक शिक्षक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी और उनके आश्रितों को मिलेगा। उन्होंने बताया कि पंजाब नेशनल बैंक के साथ हुए एमओयू के तहत दुर्घटना की स्थिति में शिक्षकों को ₹1.5 करोड़ से ₹3 करोड़ तक की सामाजिक सुरक्षा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
शिक्षक राष्ट्र निर्माण की आधारशिला
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व, संस्कार और राष्ट्र निर्माण की नींव भी रखते हैं। उन्होंने शिक्षकों से छात्रों को आधुनिक तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के सकारात्मक एवं जिम्मेदार उपयोग के प्रति जागरूक करने का भी आह्वान किया।
कलेक्ट्रेट सभागार में हुआ कार्यक्रम
संतकबीरनगर के कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री विजयलक्ष्मी गौतम, भाजपा जिलाध्यक्ष नीतू सिंह, विधायक अंकुर राज तिवारी, अनिल कुमार त्रिपाठी, गणेश चंद्र चौहान, जिलाधिकारी आलोक कुमार, पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना, अपर जिलाधिकारी सत्य प्रकाश, मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
जनप्रतिनिधियों ने बताया ऐतिहासिक कदम
प्रभारी मंत्री विजयलक्ष्मी गौतम ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना शिक्षकों के स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने वाला ऐतिहासिक निर्णय है। वहीं विधायक अंकुर राज तिवारी, अनिल कुमार त्रिपाठी और गणेश चंद्र चौहान ने इसे शिक्षक सम्मान और कल्याण की दिशा में बड़ा कदम बताया।
जिलाधिकारी आलोक कुमार ने सभी शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना शिक्षकों के हितों को और अधिक मजबूत करेगी। कार्यक्रम का संचालन डॉ. रोहित कुमार राय ने किया।







