15 दिनों से खेतों में घुसकर फसलें नुकसान पहुंचाने का आरोप, किसानों ने पुलिस से की कार्रवाई और स्थायी समाधान की मांग
मऊरानीपुर (झांसी)। थाना उल्दन क्षेत्र की बंगरा चौकी अंतर्गत ग्राम सप्तावरा में शनिवार को करीब 200 भैंसों के झुंड ने खेतों में घुसकर फसलों को नुकसान पहुंचा दिया। इससे नाराज किसानों ने भैंसों को पकड़कर एक बाड़े में बंद कर दिया और थाना उल्दन में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की।
किसानों का आरोप है कि ग्राम स्यावनी की करीब 200 भैंसें पिछले लगभग 15 दिनों से लगातार उनके खेतों में घुस रही हैं और हरी-भरी फसलों को चरकर भारी नुकसान पहुंचा रही हैं। इससे उन्हें आर्थिक क्षति उठानी पड़ रही है।
किसानों का कहना है कि यह समस्या हर वर्ष सामने आती है। स्यावनी गांव की भैंसें तालाब पार कर सप्तावरा के खेतों में पहुंच जाती हैं और बिना किसी रखवाली के इधर-उधर घूमती रहती हैं। इससे लाखों रुपये की लागत से तैयार की गई फसलें बर्बाद हो रही हैं।
बार-बार नुकसान से परेशान किसानों ने शनिवार को सामूहिक रूप से भैंसों को पकड़कर एक बाड़े में बंद कर दिया। इसके बाद वे थाना उल्दन पहुंचे और पुलिस को लिखित शिकायत सौंपते हुए पशुपालकों के खिलाफ कार्रवाई तथा समस्या के स्थायी समाधान की मांग की।
थाना उल्दन को दिए गए शिकायती पत्र पर नवीन कुमार, जगदीश प्रसाद, अयोध्या प्रसाद, अनु, रंजीत कुमार, संतोष पटेल, हुकुम, मानसिंह, दयाराम समेत दो दर्जन से अधिक किसानों के हस्ताक्षर हैं।
पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन का कहना है कि जांच के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।







