सुरक्षा, पेयजल, प्रकाश, सड़क और यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश; श्रावण मास से पहले सभी तैयारियां पूरी करने पर जोर
एटा/अलीगंज। आगामी श्रावण मास में शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुचारु और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शनिवार को जिलाधिकारी अरविंद सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इलामारन ने अलीगंज क्षेत्र में कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अधिकारियों ने फर्रुखाबाद जनपद के अटेना घाट (कम्पिल) से गंगाजल लेकर आने वाले कांवड़ियों के प्रमुख मार्ग अलीगंज से कुरावली तक पहुंचकर सड़क, सुरक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क की गुणवत्ता, कच्ची पटरी, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, विद्युत आपूर्ति, बैरिकेडिंग और यातायात प्रबंधन की बारीकी से समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान जिन स्थानों पर कमियां मिलीं, वहां संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल सुधार कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त कर ली जाएं।
जिलाधिकारी अरविंद सिंह ने कहा कि श्रावण मास में कांवड़ यात्रा आस्था का महत्वपूर्ण आयोजन है और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को सड़क एवं कच्ची पटरी की मरम्मत, नगर पंचायत को नियमित साफ-सफाई, विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा जल निगम को पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समय सीमा में सभी तैयारियां पूरी करने को कहा। साथ ही अधिक भीड़ वाले स्थानों को चिह्नित कर वहां अतिरिक्त सुविधाएं उपलब्ध कराने और स्थानीय नागरिकों व सामाजिक संगठनों का सहयोग लेने के निर्देश भी दिए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इलामारन ने पुलिस अधिकारियों को कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रखने, संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने, नियमित गश्त बढ़ाने और यातायात प्रबंधन प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह या अव्यवस्था से सख्ती से निपटा जाएगा।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार संजय कुमार, लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, नगर पंचायत, पुलिस, राजस्व तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।







