बलरामपुर। जनपद बलरामपुर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गैंडास बुजुर्ग का औचक निरीक्षण कर वहां संचालित आकस्मिक चिकित्सा सेवाओं, प्रसव कक्ष एवं अन्य स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने आकस्मिक कक्ष में उपलब्ध दवाओं, उपकरणों, साफ-सफाई, अभिलेखों के रख रखाव एवं मरीजों को दी जा रही सेवाओं की स्थिति का गहन निरीक्षण किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने प्रसव कक्ष में ड्यूटी पर तैनात स्टाफ की कार्यप्रणाली, प्रसव सेवाओं की उपलब्धता तथा मातृ एवं शिशु सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया।
निरीक्षण के समय उपस्थिति पंजिका में हस्ताक्षर होने के बावजूद कई कर्मचारी मौके से अनुपस्थित पाए गए। इनमें भगवत प्रसाद वरिष्ठ सहायक, राकेश कुमार वरिष्ठ सहायक, अजीत कुमार डाटा एंट्री ऑपरेटर, अवधेश कुमार लैब टेक्नीशियन, शशि पाण्डेय एलएचवी, डॉ. आशीष कुमार चिकित्सा अधिकारी, डॉ. विजय प्रताप चिकित्सा अधिकारी, अनिल श्रीवास्तव ऑप्टोमेट्रिस्ट, मोहम्मद अकमल ब्लॉक अकाउंट मैनेजर, अर्चना सिंह स्टाफ नर्स, सोनू कुमारी स्टाफ नर्स, डॉ. समीम चिकित्सा अधिकारी आरबीएसके, डॉ. मकसूद अहमद चिकित्सा अधिकारी आरबीएसके, प्रमिला एएनएम आरबीएसके, डॉ. सलीम अहमद चिकित्सा अधिकारी आरबीएसके, डॉ. सकीना युसूफ महिला चिकित्सा अधिकारी आयुष, डॉ. रूबी खान चिकित्सा अधिकारी आरबीएसके, अजीत चौहान, अनुराग द्विवेदी लैब टेक्नीशियन, डॉ. उमाशंकर सिंह चिकित्सा अधिकारी तथा श्रीमती प्रिंसी मौर्य स्टाफ नर्स शामिल रहे। इस संबंध में अधीक्षक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डॉ. शोएब अहमद से स्पष्टीकरण तलब किया गया है।
सीएमओ ने उपस्थित स्वास्थ्य कर्मियों से मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं, आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों एवं मरीजों के प्रति व्यवहार के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि जनपद के सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर बेहतर एवं प्रभावी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसके लिए नियमित निरीक्षण एवं सतत निगरानी की जा रही है।
इस अवसर पर जिला मलेरिया अधिकारी राजेश पाण्डेय एवं जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा भी उपस्थित रहे।




