लुक्क प्रदर्शन को लेकर हिंदू-मुस्लिम पक्षों में बनी सहमति
एसडीएम व क्षेत्राधिकारी की मौजूदगी में हुई बैठक, गांधी चौराहा से तहसील चौराहा तक नहीं होगा प्रदर्शन
एटा/अलीगंज। कस्बे के गांधी चौराहा पर व्यापारियों द्वारा लुक्क प्रदर्शन को लेकर लगाए गए बैनर के बाद प्रशासन हरकत में आ गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए बुधवार को एसडीएम कार्यालय सभागार में एसडीएम एवं क्षेत्राधिकारी की अध्यक्षता में हिंदू और मुस्लिम पक्ष के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें आपसी सहमति से विवाद का समाधान निकाल लिया गया।
बताया जाता है कि मंगलवार को गांधी चौराहा पर व्यापारियों द्वारा लुक्क प्रदर्शन को लेकर एक बैनर लगाया गया था। बैनर लगाए जाने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया। इसके बाद प्रशासन ने दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर वार्ता कराई।
बैठक के बाद उद्योग व्यापार मंडल (मिश्रा गुट) के जिला अध्यक्ष प्रदीप कुमार गुप्ता ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच सहमति बन गई है। निर्णय लिया गया है कि गांधी चौराहा से लेकर तहसील चौराहा तक लुक्क का प्रदर्शन नहीं किया जाएगा, जबकि गंगा दरवाजा चौराहा पर प्रदर्शन किया जाएगा।
वहीं, मुस्लिम समाज की ओर से बैठक में अगुवाई कर रहे बसपा नेता जुनैद मियां ने बताया कि दोनों समुदायों ने आपसी भाईचारे और सौहार्द को प्राथमिकता देते हुए सहमति बनाई है। उन्होंने कहा कि गांधी चौराहा पर कार्यक्रम आयोजित होगा, लेकिन गांधी चौराहा से तहसील चौराहा तक लुक्क का प्रदर्शन नहीं किया जाएगा।
बैठक में उद्योग व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष प्रदीप कुमार गुप्ता, नगर अध्यक्ष विनोद आर्य, चुन्नू बाबू गुप्ता, भाजपा के प्रदेश सदस्यता अभियान संयोजक दिनेश चंद्र गुप्ता सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। वहीं, मुस्लिम पक्ष की ओर से जुनैद मियां, अफजल खान और इरशाद अली ने भाग लिया।
प्रशासन ने दोनों पक्षों के सहयोग की सराहना करते हुए त्योहारों के दौरान शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।








