टोल वृद्धि के बीच उठे सवाल
बाराबंकी । रामसनेहीघाट क्षेत्र से गुजरने वाले लखनऊ-अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क की क्षतिग्रस्त पटरी वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरा बनती जा रही है। नारायन ढाबा के समीप तथा दिलौना बाईपास चौराहे के आसपास कई स्थानों पर सड़क की पटरी कटकर धंस गई है, जिससे गहरे गड्ढे बन गए हैं और दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस मार्ग पर दिन-रात भारी वाहनों और तेज रफ्तार यातायात का दबाव रहता है। ऐसे में यदि किसी वाहन का पहिया सड़क से नीचे उतर जाता है, तो टूटी और धंसी हुई पटरी के कारण चालक संतुलन खो सकता है, जिससे गंभीर हादसा हो सकता है। बारिश के मौसम और रात के समय यह जोखिम और अधिक बढ़ जाता है, क्योंकि क्षतिग्रस्त हिस्से स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं देते।
ग्रामीणों और वाहन चालकों ने हाईवे प्रबंधन पर नाराजगी जताते हुए कहा कि जब समय-समय पर टोल शुल्क में वृद्धि की जा रही है, तो सड़क की सुरक्षा, मरम्मत और रखरखाव की जिम्मेदारी भी प्रभावी ढंग से निभाई जानी चाहिए। ग्रामीण सुरेश कुमार, दिलीप कुमार, विनोद कुमार, खुशीराम, रामू, फिरोज और अकील ने संबंधित अधिकारियों से क्षतिग्रस्त पटरी की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।








