मथुरा। यमुना एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 19 यात्री घायल हो गए। हादसा थाना राया क्षेत्र में माइलस्टोन 112 और 113 के बीच हुआ, जहां तेज रफ्तार वोल्वो बस आगे चल रहे ट्रेलर से टकरा गई।
पुलिस के अनुसार, हादसा सुबह करीब 3:30 बजे हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलते ही थाना राया पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे में चार यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 19 अन्य घायल हो गए। घायलों का विभिन्न अस्पतालों में उपचार चल रहा है। इनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और उनकी पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। दुर्घटनाग्रस्त बस और ट्रेलर को हटाकर एक्सप्रेसवे पर यातायात सामान्य करा दिया गया।
प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और चालक द्वारा समय रहते वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाना मानी जा रही है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है।








