बांगरमऊ में एसडीएम-सीओ की संयुक्त कार्रवाई, अग्निशमन व्यवस्था की जांच के दौरान मिलीं गंभीर खामियां
उन्नाव। बांगरमऊ में प्रशासन ने अग्निशमन सुरक्षा मानकों की जांच के दौरान एक निजी नर्सिंगहोम को सील कर दिया। बुधवार को एसडीएम और सीओ ने नगर सीएचसी समेत दो निजी अस्पतालों का निरीक्षण किया। इस दौरान एक अस्पताल संचालक रजिस्ट्रेशन और फायर एनओसी प्रस्तुत नहीं कर सका, जबकि वहां डॉक्टर की तैनाती भी नहीं मिली।
एसडीएम बृजमोहन शुक्ला और सीओ हर्ष मोदी ने सबसे पहले नगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचकर औषधि भंडार, एक्स-रे कक्ष, इमरजेंसी वार्ड और अन्य विभागों में अग्निशमन व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। जांच के दौरान अग्निशामक यंत्रों में कुछ कमियां मिलने पर उन्हें तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए।
इसके बाद अधिकारियों ने पावर हाउस चौराहे के पास स्थित निर्मला अस्पताल का निरीक्षण कर फायर एनओसी और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की। इसके बाद न्यू फैमिली अस्पताल की जांच के दौरान संचालक अस्पताल का रजिस्ट्रेशन और फायर एनओसी नहीं दिखा सका। साथ ही अस्पताल में डॉक्टर की तैनाती भी नहीं पाई गई। इन गंभीर अनियमितताओं के चलते प्रशासन ने अस्पताल को तत्काल सील कर दिया।
निरीक्षण के दौरान सीएचसी अधीक्षक डॉ. मुकेश सिंह और अग्निशमन विभाग के कर्मचारी भी मौजूद रहे।
अभियान रहेगा जारी
एसडीएम बृजमोहन शुक्ला ने बताया कि सरकारी और निजी अस्पतालों में अग्निशमन सुरक्षा व्यवस्था की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिन संस्थानों में सुरक्षा मानकों और आवश्यक दस्तावेजों का पालन नहीं मिलेगा, उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।








