दूसरे दिन आठ घंटे चली पड़ताल, बैंक लेन-देन और ऑडिट रिकॉर्ड खंगाले; आरोपी की संपत्तियों का भी किया सत्यापन।
अयोध्या में राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच कर रही विशेष जांच दल (SIT) ने शनिवार को दूसरे दिन भी अपनी जांच तेज रखी। टीम ने करीब आठ घंटे तक ट्रस्ट से जुड़े दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड की गहन पड़ताल की।
जांच के दौरान ट्रस्ट के लिए भूमि खरीद से जुड़े विभिन्न बैंकों के लेन-देन का सत्यापन किया गया। इसके अलावा चढ़ावे की गणना प्रक्रिया में शामिल बैंक कर्मचारियों से पूछताछ कर उनके बयान दर्ज किए गए। SIT ने पिछले कुछ वर्षों के आंतरिक ऑडिट (Internal Audit) और वित्तीय रिकॉर्ड की भी जांच की तथा कई महत्वपूर्ण दस्तावेज अपने कब्जे में लिए।
सूत्रों के अनुसार, जांच टीम ने ट्रस्ट से जुड़े प्रमुख पदाधिकारियों की घोषित संपत्तियों का भी सत्यापन किया। वहीं, पुलिस रिमांड पर चल रहे मुख्य आरोपी अविनाश शुक्ल से लगातार पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान उसकी ब्रीजा कार समेत अन्य चल-अचल संपत्तियों की जानकारी जुटाई गई और वित्तीय लेन-देन से जुड़े कई पहलुओं पर सवाल किए गए।
पूछताछ और दस्तावेजों की जांच पूरी करने के बाद SIT की टीम शाम को लखनऊ लौट गई। अधिकारियों का कहना है कि मामले में जुटाए गए साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।








