धार्मिक पुस्तकें और पर्चे बरामद, पुलिस कर रही जांच; दोषी मिलने पर धर्मांतरण कानून के तहत होगी कार्रवाई।
सुल्तानपुर। जिले के करौंदी कला थाना क्षेत्र में बुधवार को कथित धर्मांतरण की आशंका को लेकर हंगामा हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीन महिलाओं तथा एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।
पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि कुछ लोग क्षेत्र में धार्मिक पुस्तकें, पर्चे और फोटो के माध्यम से लोगों से संपर्क कर रहे हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने तलाशी के दौरान ईसाई धर्म से संबंधित पुस्तकें, पर्चे और धार्मिक तस्वीरें बरामद होने की बात कही है।
आरोप है कि गरीब लोगों को प्रलोभन देकर मतांतरण कराने का प्रयास किया जा रहा था। हालांकि, इस आरोप की पुष्टि अभी जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर रही है और यह भी जांच की जा रही है कि उनका किसी संगठित नेटवर्क या गिरोह से संबंध है या नहीं।
क्षेत्राधिकारी (सीओ) ने बताया कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। यदि जांच में उत्तर प्रदेश के धर्मांतरण संबंधी कानून के उल्लंघन के पर्याप्त साक्ष्य मिलते हैं, तो संबंधित लोगों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।








