अपूर्व गोयल और अनिका सिंह ने बढ़ाया संस्थान का मान, उत्तर प्रदेश के चयनित 358 विद्यार्थियों में बनाई जगह
रायबरेली। फिरोज गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (एफजीआईईटी), रायबरेली के लिए गर्व का विषय है कि संस्थान की कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (सीएसई) प्रथम वर्ष की दो छात्राओं का चयन अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (AICTE), नई दिल्ली द्वारा संचालित प्रतिष्ठित प्रगति छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत हुआ है।
उत्तर प्रदेश से चयनित 358 विद्यार्थियों में एफजीआईईटी की अपूर्व गोयल और अनिका सिंह, दोनों प्रथम वर्ष (कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग) की छात्राओं ने स्थान प्राप्त कर संस्थान का गौरव बढ़ाया है।
इस उपलब्धि पर रायबरेली पॉलिटेक्निक एसोसिएशन के सचिव विनोद कुमार ने दोनों छात्राओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
संस्थान के निदेशक (कार्यवाहक) डॉ. मनीष सक्सेना ने कहा कि छात्राओं की यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत, समर्पण और संस्थान में उपलब्ध गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण का परिणाम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी।
वहीं, संस्थान के रजिस्ट्रार डॉ. अमित पोरवाल ने दोनों छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता न केवल छात्राओं, बल्कि पूरे संस्थान परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि संस्थान विद्यार्थियों को शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ-साथ विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
संस्थान परिवार ने दोनों छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए उनकी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की।








