दो तमंचे समेत भारी मात्रा में उपकरण बरामद
घर में चल रहा था अवैध हथियार निर्माण का गोरखधंधा, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल
एटा। अलीगंज थाना पुलिस ने अवैध हथियार बनाने के गोरखधंधे का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से दो तैयार देशी तमंचे, एक अधबना तमंचा, जिंदा और खोखा कारतूस के साथ हथियार बनाने में प्रयुक्त बड़ी मात्रा में उपकरण बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 4 जुलाई की शाम उपनिरीक्षक घनश्याम सिंह, उपनिरीक्षक कपिल कुमार और पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त एवं वांछित अभियुक्तों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान वारंट तामील करने के लिए ग्रेवर असदुल्लापुर गांव स्थित सुधीर कुमार पुत्र नेकराम शर्मा के घर पहुंची। पुलिस ने घर के एक कमरे में मोमबत्ती की रोशनी में आरोपी को अवैध तमंचा बनाते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।
मौके पर तलाशी के दौरान पुलिस ने दो तैयार 315 बोर के देशी तमंचे, एक अधबना तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा नौ कारतूसों के पैंदी वाले हिस्से बरामद किए। इसके अलावा रेती, हथौड़े, बर्मा, आरी, तमंचे की नाल, लोहे की पट्टियां, छेनी, प्लास, धौंकनी, कोयला, स्प्रिंग, कीलें तथा हथियार निर्माण में प्रयुक्त अन्य उपकरण भी बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह आर्थिक तंगी और टीबी की बीमारी के चलते अवैध हथियार बनाने का काम कर रहा था। हालांकि पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि तैयार हथियार किन लोगों को और किस उद्देश्य से बेचे जाते थे।
पुलिस ने बरामद हथियारों, कारतूसों और उपकरणों को सील कर कब्जे में ले लिया। स्वतंत्र गवाहों को शामिल करने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई भी व्यक्ति आगे नहीं आया। इसके बाद आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम की धारा 3/5/25 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस का कहना है कि आरोपी के संभावित नेटवर्क और अवैध हथियारों की आपूर्ति से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है।








