मथुरा (रोहित कुमार)। जिले में अपराध मुक्त अभियान के तहत मथुरा पुलिस ने मंगलवार को टटलू गैंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कोसीकलां थाना क्षेत्र में व्यापक छापेमारी की। पुलिस ने शाहपुर चौकी क्षेत्र के ग्राम शाहपुर, नगला उटावट और नगला सिरोही में अभियान चलाकर 40 से 50 संदिग्धों को हिरासत में लिया, जिनसे पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार के निर्देशन में चलाए गए अभियान के दौरान कोसीकलां पुलिस ने स्थानीय पुलिस बल के साथ मिलकर संदिग्ध ठिकानों की घेराबंदी की। यह क्षेत्र राजस्थान और हरियाणा की सीमा से सटा होने के कारण लंबे समय से टटलू गिरोह और ठगी करने वाले अपराधियों की गतिविधियों के लिए संवेदनशील माना जाता रहा है।
पुलिस के मुताबिक, टटलू गिरोह के सदस्य लोगों को सस्ते दामों पर सोना दिलाने, खुदाई में प्राचीन सोना मिलने का झांसा देने या अन्य लालच देकर अपने जाल में फंसाते थे। इसके बाद सुनसान स्थानों पर बुलाकर नकली सोना या पीतल थमा देते थे और रकम लेकर फरार हो जाते थे। कई मामलों में पीड़ितों से लूटपाट और बंधक बनाकर वसूली करने के भी आरोप सामने आए हैं।
पुलिस ने हिरासत में लिए गए लोगों में रफीक, अहमद, फैज, मुफीद, समून, अंगद, अब्बास, खुर्शीद, अनवर और जमाल समेत कई अन्य संदिग्धों को पूछताछ के लिए लिया है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के आधार पर गिरोह के मुख्य सरगनाओं, उनके नेटवर्क, बैंक खातों और ठगी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद बरामदगी और गिरफ्तारियों के संबंध में विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी। फिलहाल अभियान जारी है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।








