रुदौली में 11 लाभार्थियों को विधायक ने किया वितरित
रुदौली, अयोध्या ! मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत बुधवार को तहसील सभागार में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक रामचंद्र यादव ने 11 शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए। कार्यक्रम में वाराणसी से मुख्यमंत्री के योजना शुभारंभ का सीधा प्रसारण भी शिक्षकों व अधिकारियों ने देखा।कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इसके बाद बेसिक शिक्षा विभाग के सात और माध्यमिक शिक्षा विभाग के चार शिक्षकों को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा कार्ड प्रदान किए गए।विधायक रामचंद्र यादव ने कहा कि शिक्षक समाज का निर्माता होता है और सभ्य समाज के निर्माण में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है।मुख्यमंत्री द्वारा शुरू की गई यह योजना शिक्षकों के योगदान का सम्मान है।उन्होंने बताया कि जनपद अयोध्या में 13,199 शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक, विशेष शिक्षक, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों के वार्डन, पूर्णकालिक व अंशकालिक शिक्षिकाएं तथा रसोइये इस योजना से लाभान्वित होंगे। उन्होंने कहा कि भारतीय स्टेट बैंक के साथ हुए एमओयू के माध्यम से प्रदेश के करीब 10 लाख से अधिक स्थायी व संविदा कार्मिकों को भी विभिन्न सुविधाओं का लाभ मिलेगा।उपजिलाधिकारी संतोष कुमार ने कहा कि शासन शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने स्कूल चलो अभियान के दूसरे चरण में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने का आह्वान किया।कार्यक्रम को प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष नीलमणि त्रिपाठी, भारतीय स्टेट बैंक रुदौली के शाखा प्रबंधक शिवकुमार तिवारी तथा तहसीलदार विजय कुमार गुप्ता ने भी संबोधित किया। संचालन रामकृष्ण गुप्ता ने किया, जबकि आभार खंड शिक्षा अधिकारी रमाकांत राम ने व्यक्त किया।इस अवसर पर भाजपा नेता शिवानंद मिश्र, रामराज लोधी, जिला उपाध्यक्ष रामानुज तिवारी, प्रधानाचार्य रामप्रिय शरण सिंह सहित शिक्षा विभाग, बैंक और शिक्षक संघ के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।







