यूपी में विजिलेंस का बड़ा एक्शन
लखनऊ/आगरा। उत्तर प्रदेश में आय से अधिक संपत्ति के मामले में विजिलेंस की कार्रवाई में बड़ा खुलासा हुआ है। आगरा के तत्कालीन सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) ललित कुमार के ठिकानों पर छापेमारी के दौरान करोड़ों रुपये की नकदी, सोना-चांदी के जेवर, बिस्किट और संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विजिलेंस टीम ने राजधानी लखनऊ के अलीगंज स्थित आवास की तलाशी के दौरान 1.62 करोड़ रुपये नकद और करीब 20 करोड़ रुपये मूल्य के सोने-चांदी के बिस्किट व आभूषण बरामद किए। जांच में अब तक लगभग 35 करोड़ रुपये की कथित अवैध संपत्ति का खुलासा होने की बात सामने आई है।
बताया गया कि छापेमारी के दौरान घर की दीवारों और अन्य स्थानों में छिपाकर रखी गई नकदी भी बरामद की गई। इसके अलावा कई अचल संपत्तियों से संबंधित दस्तावेज भी जांच एजेंसी के हाथ लगे हैं।
विजिलेंस के आईजी मंजिल सैनी के अनुसार, वर्ष 2020 में परिवहन आयुक्त की शिकायत पर भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एसीओ), कानपुर सेक्टर ने जांच शुरू की थी। जांच में पाया गया कि ललित कुमार ने अपने वैध आय स्रोतों से लगभग 93 लाख रुपये अर्जित किए, जबकि संपत्तियों की खरीद और अन्य खर्च उनकी घोषित आय से कहीं अधिक पाए गए। इसके आधार पर आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की गई।
कार्रवाई की सफलता पर उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने छापेमारी में शामिल अधिकारियों और कर्मचारियों को एक लाख रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।
विजिलेंस ने बरामद नकदी, आभूषण और दस्तावेजों को जब्त कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद अन्य कानूनी कार्रवाई की जाएगी।








