पीएम मोदी से जवाब और सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच की मांग
वाराणसी। कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. रागिनी नायक ने शनिवार को वाराणसी में आयोजित प्रेस वार्ता में राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में कथित चढ़ावा और चंदा घोटाले को लेकर केंद्र सरकार और ट्रस्ट पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि करोड़ों रामभक्तों की आस्था के साथ धोखा हुआ है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
डॉ. रागिनी नायक ने आरोप लगाया कि राम मंदिर निर्माण के नाम पर जुटाए गए चंदे और चढ़ावे के उपयोग को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस पूरे प्रकरण पर देश के सामने जवाब देना चाहिए। कांग्रेस ने यह भी मांग की कि मामले में शामिल सभी जिम्मेदार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की जाए।
प्रेस वार्ता में कांग्रेस ने सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में स्वतंत्र न्यायिक जांच कराने, श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को भंग कर नया पारदर्शी ट्रस्ट गठित करने तथा मंदिर निर्माण, चढ़ावे, चंदे, भूमि खरीद और अन्य खर्चों का स्वतंत्र फॉरेंसिक ऑडिट कर उसकी रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की।
डॉ. नायक ने कहा कि यदि जांच निष्पक्ष हुई तो पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी। उन्होंने दावा किया कि देशभर के करोड़ों श्रद्धालु इस मामले में जवाब चाहते हैं और उनकी आस्था से किसी भी तरह का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा।
कांग्रेस की प्रमुख मांगें:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूरे मामले पर जवाब दें।
कथित घोटाले में शामिल लोगों की तत्काल गिरफ्तारी हो।
सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में स्वतंत्र न्यायिक जांच कराई जाए।
श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को भंग कर नया पारदर्शी ट्रस्ट बनाया जाए।
मंदिर से जुड़े सभी वित्तीय लेन-देन का फॉरेंसिक ऑडिट कर रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए।








