मथुरा। मथुरा के गोवर्धन थाना पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से पांच फर्जी आधार कार्ड और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। आरोपियों के खिलाफ आईटी एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना पर गाठोली से देवसेरस जाने वाले रेलवे अंडरपास के पास घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनकी पहचान साजिम उर्फ गुल्लू निवासी देवसेरस और साबिर निवासी ग्राम मडौरा, थाना गोवर्धन के रूप में हुई है।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी अपनी तस्वीर लगाकर फर्जी आधार कार्ड तैयार करते थे। इन दस्तावेजों के आधार पर फर्जी सिम कार्ड हासिल कर अलग-अलग मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल करते थे, जिससे उनकी वास्तविक पहचान छिपी रहती थी।
इसके बाद आरोपी लोगों को फोन कॉल, फर्जी लिंक और ओटीपी के बहाने झांसे में लेकर साइबर ठगी करते थे। ठगी से प्राप्त धनराशि अपने बैंक खातों में मंगवाकर अवैध लाभ अर्जित करते थे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों से बरामद फर्जी आधार कार्ड और मोबाइल फोन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों ने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया और उनके गिरोह में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।








