सुल्तानपुर और जौनपुर होते हुए वाराणसी तक चलेगी सेवा
नई दिल्ली/सुल्तानपुर, 14 जुलाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई 2026 को अमृतसर (छेहरटा) से वाराणसी के बीच चलने वाली देश की बहुप्रतीक्षित वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। इस ट्रेन का नाम ‘श्री गुरु रविदास जी महाराज एक्सप्रेस’ (संत रविदास एक्सप्रेस) रखा गया है। इसका ट्रेन नंबर 14623/14624 होगा।
यह वंदे भारत स्लीपर ट्रेन सप्ताह में तीन दिन संचालित होगी। छेहरटा (अमृतसर) से ट्रेन बुधवार, शुक्रवार और रविवार को दोपहर 2:05 बजे रवाना होगी और अगले दिन दोपहर 12:15 बजे वाराणसी पहुंचेगी।
वहीं, वाराणसी से यह ट्रेन गुरुवार, शनिवार और सोमवार को शाम 7:05 बजे प्रस्थान करेगी।
यात्रा के दौरान ट्रेन जालंधर सिटी, लुधियाना, अंबाला कैंट, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, लखनऊ, सुल्तानपुर और जौनपुर सिटी जैसे प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेगी। इससे पंजाब और पूर्वांचल के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को तेज, आधुनिक और आरामदायक रेल सेवा का लाभ मिलेगा।
नई वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के संचालन से उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर, जौनपुर और वाराणसी सहित कई शहरों की रेल कनेक्टिविटी को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।








