सुल्तानपुर। शाहगंज पुलिस चौकी में अरुण कोरी की कथित पिटाई के मामले को लेकर भाजपा की जिला कोषाध्यक्ष पूजा कसौंधन के खिलाफ व्यापारियों का विरोध तेज हो गया है। मंगलवार को अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में व्यापारी जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और अपना आक्रोश जताया। उन्होंने न्यायिक तहसीलदार बृजेश सिंह को जिलाधिकारी के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की।
व्यापार मंडल के पदाधिकारियों का आरोप है कि शाहगंज पुलिस चौकी में अरुण कोरी के साथ मारपीट की घटना हुई, जिसके विरोध में लगातार प्रदर्शन किया जा रहा है। संगठन ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
उल्लेखनीय है कि इस प्रकरण को लेकर पिछले कुछ दिनों से भाजपा नेत्री पूजा कसौंधन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन जारी है। फिलहाल प्रशासन ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले में नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है।








