उन्नाव। मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग की कक्षाएं शहर में दो सेंटरों में चलाई जाएंगी। इसमें एक सेंटर डीएसएन काॅलेज और दूसरा डायट परिसर में चलेगा। कक्षाएं 20 जुलाई से शुरू करने की तैयारी की जा रही है।
प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत सिविल सेवा (प्रा), राज्य सिविल सेवा (प्रा), नीट/जेईई/एनडीए एवं एसएससी की छात्र-छात्राओं को निशुल्क तैयारी कराती है। इस योजना में छात्र छात्राओं के चयन के लिए आवेदन की प्रक्रिया मई से शुरू हुई थी जो 30 जून तक चली थी। इस बार सिविल सेवा-113, एनडीए/सीडीएस-65, नीट-95, जेईई-17, एसएससी-187 सहित कुल 477 छात्र-छात्राओं ने कोचिंग के लिए आवेदन किया है।
कक्षाओं के संचालन के लिए डीएसएन कालेज व डायट परिसर को चयनित कर लिया गया है। जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रीप्रकाश पांडेय ने बताया कि कक्षाओं का संचालन शुरू करने के लिए डीएम से अनुमति मांगी गई है। जल्द कक्षाएं शुरू करा दी जाएंगी।








