संघर्ष और मेहनत से बढ़ाया क्षेत्र का मान
औरैया। एरवाकटरा क्षेत्र के ग्राम बढ़िन अहिलवारा निवासी प्रतीक यादव उर्फ ऋषि का उत्तर प्रदेश पुलिस में उप निरीक्षक (सब-इंस्पेक्टर) पद पर चयन होने से गांव और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। वर्तमान में प्रतीक लखीमपुर खीरी जिले के नीमगांव थाने में सिपाही के पद पर तैनात हैं। नौकरी के साथ लगातार मेहनत और तैयारी के दम पर उन्होंने उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा में सफलता हासिल कर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है।
बुधवार शाम भर्ती परीक्षा का परिणाम घोषित होने के बाद जैसे ही चयन की सूचना मिली, परिवार और ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई। लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर इस उपलब्धि का जश्न मनाया।
पिता के निधन के बाद संभाली परिवार की जिम्मेदारी
प्रतीक की मां रेखा देवी ने बताया कि करीब 15 वर्ष पहले उनके पति अखिलेश यादव का कैंसर से निधन हो गया था। इसके बाद परिवार की जिम्मेदारी प्रतीक के कंधों पर आ गई। कठिन आर्थिक और पारिवारिक परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने अपनी पढ़ाई जारी रखी और नौकरी के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी नहीं छोड़ी।
नौकरी के साथ जारी रखी तैयारी
प्रतीक यादव ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की शिक्षा डीएस स्कूल, बिधूना से प्राप्त की। बचपन से ही पढ़ाई में रुचि रखने वाले प्रतीक ने पुलिस विभाग में सिपाही के रूप में सेवा करते हुए भी अपने लक्ष्य पर पूरा ध्यान बनाए रखा। उनकी मेहनत, अनुशासन और लगन का परिणाम उप निरीक्षक पद पर चयन के रूप में सामने आया।
ग्रामीणों ने दी शुभकामनाएं
चयन की खबर मिलते ही समाजसेवी शीलू यादव, जिला पंचायत सदस्य श्रीप्रकाश यादव, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि मिथिलेश यादव, रामपाल यादव, शंकुर यादव, हरी चबे, विमलेश यादव, शिवनारायण, अर्जुन, गौतम, राहुल, ऋषभ, दीपांशु, अरुण, गौरव, पटे यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उनके आवास पहुंचे। सभी ने उनकी मां रेखा देवी और छोटे भाई को मिठाई खिलाकर बधाई दी तथा प्रतीक के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।








