संतकबीरनगर। कम्युनिटी पुलिसिंग को बढ़ावा देने और पुलिस-जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से थाना धर्मसिंहवा परिसर में पुलिसकर्मियों और स्थानीय युवाओं के बीच मैत्रीपूर्ण वॉलीबॉल मैच का आयोजन किया गया। खिलाड़ियों ने खेल भावना का परिचय देते हुए पूरे उत्साह के साथ प्रतियोगिता में भाग लिया।
इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना, उन्हें सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना तथा पुलिस और आमजन के बीच आपसी विश्वास एवं समन्वय को मजबूत करना था। मैच के दौरान पुलिस टीम और स्थानीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया, जिसे उपस्थित लोगों ने सराहा।
इस अवसर पर थाना प्रभारी ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास में सहायक होते हैं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और आपसी भाईचारे को भी मजबूत बनाते हैं। उन्होंने युवाओं से नशे और अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर खेलों तथा रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि पुलिस हमेशा जनता की सुरक्षा, सहयोग और विश्वास के लिए प्रतिबद्ध है। ऐसे आयोजन पुलिस और समाज के बीच संवाद बढ़ाने तथा आपसी दूरी कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में थाना धर्मसिंहवा के पुलिसकर्मी, स्थानीय संभ्रांत नागरिक, ग्रामीण तथा बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया।







