बाराबंकी। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत बुधवार को फतेहपुर स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल पार्क में भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 113 जोड़ों का वैदिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह संपन्न कराया गया। समारोह में नवविवाहित जोड़ों और उनके परिजनों के बीच उत्साह और उल्लास का माहौल रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कुर्सी विधायक साकेन्द्र प्रताप वर्मा ने नवदंपतियों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद एवं समृद्ध वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित हुई है। वर्ष 2017 से संचालित इस योजना के माध्यम से हजारों गरीब बेटियों का सम्मानपूर्वक विवाह कराया जा चुका है।
विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आर्थिक तंगी किसी बेटी के विवाह में बाधा न बने। उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा योजना के तहत मिलने वाली सहायता राशि को 51 हजार रुपये से बढ़ाकर एक लाख रुपये किए जाने के निर्णय का स्वागत करते हुए इसे गरीब परिवारों के लिए महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक कदम बताया।
समारोह में जिला पंचायत सदस्य पूनम कनौजिया, भाजपा जिला मंत्री शील रत्न मिहिर, रजनीश वर्मा, सरोज वर्मा, मंडल अध्यक्ष रंजीत लोधी, करूणा शंकर शुक्ला, योगेंद्र पटेल, समाज कल्याण विभाग अयोध्या मंडल के उपनिदेशक राकेश रमन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, ग्राम प्रधान, पत्रकार और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों, संबंधित विकास खंडों के नोडल अधिकारियों, खंड विकास अधिकारियों तथा नगर निकायों के अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विवाह संपन्न होने के बाद नवविवाहित जोड़ों को सरकार की ओर से निर्धारित आर्थिक सहायता एवं उपहार सामग्री भी प्रदान की गई।







