ग्रामीण परिवेश से निकलकर पहले ही मुकाम पर रचा सफलता का इतिहास
गोरखपुर। कौड़ीराम विकास खंड की ग्राम पंचायत हरपुर हरिपरापार के निवासी विराग दूबे का चयन उत्तर प्रदेश पुलिस में उपनिरीक्षक (दरोगा) पद पर हुआ है। सीमित संसाधनों और ग्रामीण परिवेश में रहकर कठिन मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर उन्होंने यह सफलता हासिल कर अपने परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
विराग दूबे ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों तथा स्वर्गीय बाबा रमाशंकर धर दूबे (रामायणी जी) के आशीर्वाद को दिया। उन्होंने कहा कि परिवार का सहयोग और निरंतर मेहनत ही उनकी सफलता की सबसे बड़ी ताकत रही।
विराग के चयन की खबर मिलते ही हरपुर हरिपरापार गांव सहित आसपास के क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने मिठाई खिलाकर उनका स्वागत किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
ग्रामीणों का कहना है कि विराग बचपन से ही पढ़ाई में बेहद मेधावी और अनुशासित छात्र रहे हैं। उनकी मेहनत और लगन का परिणाम आज पूरे गांव के सामने है। लोगों का मानना है कि उनकी सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगी।
विराग को बधाई देने वालों में धर्मेंद्र पांडेय, जितेंद्र, सोहन, मोहन, रघुनाथ, राहुल दुबे (अधिवक्ता), विश्वनाथ मास्टर, सुनील मास्टर, चावरिया विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल रहे। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि विराग ने पूरे क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है।







