तड़के भीषण सड़क हादसा: ट्रैक्टर के हुए तीन टुकड़े
अलीगंज-कायमगंज मार्ग पर लड़सिया गांव के पास सुबह 5:30 बजे हुआ हादसा, बस चालक घायल; जांच में जुटी पुलिस
अलीगंज (एटा)। कोतवाली अलीगंज क्षेत्र के अलीगंज-कायमगंज मार्ग पर स्थित लड़सिया गांव के पास शुक्रवार तड़के करीब 5:30 बजे अलीगढ़ डिपो की रोडवेज बस और ट्रॉली लगे ट्रैक्टर के बीच भीषण आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर तीन हिस्सों में बंट गया, जबकि रोडवेज बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
सूचना मिलते ही कोतवाली अलीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। दुर्घटना में बस चालक घायल हो गया, जबकि बस में सवार यात्रियों और ट्रैक्टर चालक को कोई गंभीर चोट नहीं आई।
पुलिस के अनुसार, ट्रैक्टर सुर्देश पुत्र तोक सिंह, निवासी लड़सिया, थाना अलीगंज का है। हादसे के समय ट्रैक्टर नीरज पुत्र रघुवीर सिंह चला रहे थे। नीरज ट्रॉली लेकर नगला किस्स गांव धान की रोपाई के लिए मजदूर लेने जा रहे थे। इसी दौरान दिल्ली की ओर से आ रही अलीगढ़ डिपो की रोडवेज बस (संख्या यूपी 78 जेटी 1571) की ट्रैक्टर से आमने-सामने टक्कर हो गई।
दुर्घटना में रोडवेज बस चालक नरेश पाल (40) निवासी डोटली, थाना सिकंदराराऊ, जनपद हाथरस घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अलीगंज पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई।
हादसे के बाद घटनास्थल के वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें ट्रैक्टर तीन हिस्सों में टूटा हुआ और रोडवेज बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त दिखाई दे रहा है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया।
कोतवाली अलीगंज के प्रभारी निरीक्षक रूपेश वर्मा ने बताया कि सुबह सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। हादसे में रोडवेज बस और ट्रॉली लगे ट्रैक्टर की टक्कर हुई है। बस चालक को मामूली चोट आई थी, जिनका उपचार कराया गया है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
वहीं, एटा रोडवेज के एआरएम नरेश चंद्र गुप्ता ने बताया कि घटना की जानकारी मिल गई है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।







