रातभर तलाश के बाद सुबह मिला शव
नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों ने नाले से निकाला शव, परिवार में मचा कोहराम
औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नारायणपुर में खेलते समय नाले में गिरने से तीन वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत हो गई। देर शाम से लापता बच्चे की परिजनों और स्थानीय लोगों ने रातभर तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। शुक्रवार सुबह नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों ने नाले की सफाई के दौरान उसका शव बरामद किया।
जानकारी के अनुसार, रोशन (3) पुत्र राहुल, निवासी मोहल्ला नारायणपुर, गुरुवार शाम घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान वह नाले में गिर गया। जब काफी देर तक वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। आसपास के लोगों की मदद से रातभर खोजबीन की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
शुक्रवार सुबह करीब सात बजे नगर पालिका के सफाई कर्मचारी नाले की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें नाले में एक बच्चे का शव दिखाई दिया। सफाई कर्मचारियों ने तत्काल शव को बाहर निकालकर 50 शैया संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान रोशन के रूप में होने पर परिवार में कोहराम मच गया। बताया गया कि उसके पिता राहुल हलवाई का काम करते हैं। मासूम की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।







