22 वर्ष की उम्र में यूपी एसआई परीक्षा में हासिल की 757वीं रैंक
कड़ी मेहनत और लगन से संदीप निषाद ने पाई सफलता, गांव में खुशी की लहर
गंजमुरादाबाद (उन्नाव)। मेहनत और दृढ़ संकल्प के दम पर एक किसान के बेटे ने उत्तर प्रदेश पुलिस में उपनिरीक्षक (एसआई) बनकर परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। बांगरमऊ तहसील क्षेत्र के रबड़ी गांव निवासी संदीप कुमार निषाद ने यूपी एसआई भर्ती परीक्षा में 757वीं रैंक हासिल कर महज 22 वर्ष की उम्र में दरोगा बनने का सपना साकार कर लिया।
संदीप के पिता राम शंकर एक साधारण किसान हैं। उन्होंने खेती-बाड़ी कर अपने बेटे की पढ़ाई पूरी कराई। संदीप ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की शिक्षा बांगरमऊ नगर स्थित आरआरडीएस इंटर कॉलेज से प्राप्त की। इसके बाद वर्ष 2024 में स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने पूरी लगन के साथ यूपी एसआई भर्ती परीक्षा की तैयारी शुरू की।
लगातार मेहनत का परिणाम उन्हें तब मिला, जब उन्होंने यूपी एसआई भर्ती परीक्षा में सफलता हासिल करते हुए 757वीं रैंक प्राप्त की और उपनिरीक्षक पद के लिए चयनित हो गए।
संदीप की इस उपलब्धि से परिवार और गांव में खुशी का माहौल है। क्षेत्र के रंजीत निषाद, शिवप्रकाश उर्फ बबलू पटेल, कैलाश निषाद तथा पूर्व जिला पंचायत सदस्य विजय निषाद सहित अनेक लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।







