गोताखोरों ने एक किलोमीटर दूर किया बरामद
गंगा स्नान के दौरान लापता हुए थे किसान, बीमारी से परेशान होकर आत्महत्या की भी चर्चा
बीघापुर (उन्नाव)। कोतवाली क्षेत्र के खरौली गांव निवासी एक किसान का गंगा में डूबने के बाद दूसरे दिन शव बरामद हुआ। बुधवार को गंगा स्नान के दौरान लापता हुए किसान की तलाश रातभर चलती रही, लेकिन सफलता नहीं मिली। गुरुवार सुबह मोटर बोट और गोताखोरों की मदद से घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर शव बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, प्रदीप कुमार उर्फ सोनू तिवारी (45) बुधवार दोपहर गंगा स्नान के लिए गए थे। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर उनकी पत्नी शिखा ने तलाश शुरू की। घर से करीब तीन किलोमीटर दूर बदियाखेड़ा गांव के पास गंगा किनारे प्रदीप की चप्पल और कपड़े पड़े मिले, जिससे उनके नदी में डूबने की आशंका हुई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से तलाश अभियान चलाया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। बाद में शुक्लागंज से गोताखोरों को बुलाया गया, हालांकि पहले दिन उनका भी प्रयास सफल नहीं रहा।
गुरुवार सुबह मोटर बोट की सहायता से दोबारा तलाश शुरू की गई। इस दौरान घटनास्थल से लगभग एक किलोमीटर दूर प्रदीप का शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
किसान की मौत से परिवार में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार में पत्नी शिखा, मां राजदुलारी तथा बेटियां तन्नू, श्रद्धा और अन्नू हैं। परिजनों के अनुसार, प्रदीप खेती-बाड़ी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके पिता प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक थे।
स्थानीय स्तर पर यह चर्चा भी है कि प्रदीप बीमारी से परेशान थे और उन्होंने आत्महत्या की हो सकती है। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।







