घर के बाहर खेल रही थी बच्ची, राजस्व टीम ने दैवीय आपदा के तहत शुरू की जांच
अलीगंज (एटा)। जैथरा थाना क्षेत्र के ग्राम मोर्चा में कोबरा सांप के डसने से चार वर्षीय मासूम बच्ची की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, ग्राम मोर्चा निवासी अमित की चार वर्षीय पुत्री जानवी गुरुवार दोपहर करीब एक बजे घर के बाहर चबूतरे पर खेल रही थी। इसी दौरान अचानक एक कोबरा ने उसे डस लिया। बच्ची की तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल स्थानीय अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल एटा रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद परिजनों ने कोबरा को पकड़कर सुरक्षित कैद कर लिया और बाद में उसे सर्प मित्र के सुपुर्द कर दिया।
सूचना मिलने पर जैथरा थाना पुलिस, नायब तहसीलदार सतीश कुमार और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने दैवीय आपदा के प्रावधानों के तहत मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
राजस्व अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।







