बाराबंकी। अयोध्या-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार देर रात सुमेरगंज मोड़ के पास सवारी उतार रही रोडवेज बस में पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में चार लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया।
जानकारी के अनुसार, देवरिया डिपो की रोडवेज बस गुरुवार शाम गोरखपुर से यात्रियों को लेकर लखनऊ जा रही थी। रात करीब 11:30 बजे सुमेरगंज मोड़ पर बस सवारी उतारने के लिए रुकी। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बस में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के पिछले शीशे टूट गए, जबकि ट्रक का अगला हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के दौरान बस से उतर रहे सुमेरगंज निवासी 48 वर्षीय सोनू सड़क पर गिरकर घायल हो गए। वहीं बस की पिछली सीट पर बैठे दुर्गा प्रसाद मिश्रा (48), निवासी मंडेरा, गोरखपुर तथा आकांक्षा (20) गंभीर रूप से घायल हो गईं। एक अन्य यात्री को भी चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दयाशंकर द्विवेदी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस वाहन से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद मामूली रूप से घायल सोनू को घर भेज दिया, जबकि दुर्गा प्रसाद मिश्रा और आकांक्षा की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।







