बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार, 20 जुलाई को बाराबंकी के रामनगर तहसील स्थित श्री लोधेश्वर महादेव धाम पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री यहां भगवान लोधेश्वर महादेव के दर्शन-पूजन करने के साथ निर्माणाधीन महादेवा कॉरिडोर का अवलोकन करेंगे। साथ ही श्रावण मास मेले की तैयारियों और श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर सुबह 10:55 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेगा। मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद वह विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई विकास प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे। इसके बाद रामनगर और दरियाबाद विधानसभा क्षेत्रों की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। साथ ही प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को लाभ वितरित करेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे। उनका हेलीकॉप्टर दोपहर 1:00 बजे कार्यक्रम स्थल से रवाना होगा।
₹542.41 करोड़ की 82 विकास परियोजनाओं की सौगात
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रामनगर एवं दरियाबाद विधानसभा क्षेत्रों की 82 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं की कुल लागत ₹542.41 करोड़ है।
- 56 परियोजनाओं का शिलान्यास – लगभग ₹409.09 करोड़
- 28 परियोजनाओं का लोकार्पण – लगभग ₹133.31 करोड़
दरियाबाद विधानसभा क्षेत्र में लगभग ₹260.12 करोड़ की लागत वाली 46 परियोजनाएं शामिल हैं, जिनमें 34 शिलान्यास और 12 लोकार्पण होंगे।
वहीं रामनगर विधानसभा क्षेत्र में लगभग ₹282.28 करोड़ की लागत से 36 परियोजनाएं जनसामान्य को समर्पित की जाएंगी, जिनमें 22 शिलान्यास और 14 लोकार्पण शामिल हैं।
प्रशासन ने पूरी की तैयारियां
जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा, यातायात, पेयजल, विद्युत, चिकित्सा, स्वच्छता, पार्किंग और बैरिकेडिंग सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा चुका है। सभी विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध एवं समन्वित ढंग से अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी लगातार कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे हैं। जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करने तथा प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।







