14 हजार की नगदी समेत गृहस्थी का सामान जलकर राख
सुबेहा थाना क्षेत्र के इस्लामपुर चौकी का मामला, पुलिस और राजस्व टीम ने किया नुकसान का आकलन
बाराबंकी। सुबेहा थाना क्षेत्र की इस्लामपुर चौकी अंतर्गत मंगलवार दोपहर बिजली के शॉर्ट सर्किट से एक मकान में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे 14 हजार रुपये की नकदी सहित गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने मौके का निरीक्षण कर क्षति का आकलन किया।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी मोहम्मद साकिर पुत्र मोहम्मद शकील के घर मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे अचानक बिजली के शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। घटना के समय परिवार के सभी सदस्य घर के बाहर बैठे हुए थे। घर के भीतर से धुआं और आग की तेज लपटें उठती देख परिजनों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
हालांकि आग बुझने तक घर में रखा फ्रिज, कूलर, वाशिंग मशीन, बेड, अलमारी, सिलाई मशीन, कपड़े, मोबाइल फोन तथा बैग में रखे 14 हजार रुपये नकद पूरी तरह जलकर नष्ट हो चुके थे।
घटना की सूचना पर पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और नुकसान का निरीक्षण किया। हल्का लेखपाल सनीकांत ने बताया कि आग से हुई क्षति का आकलन कर लिया गया है। इसकी रिपोर्ट उपजिलाधिकारी को भेजी जाएगी, ताकि नियमानुसार पीड़ित परिवार को राहत उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सके।
स्थानीय लोगों ने भीषण आग से हुए नुकसान पर दुख जताते हुए पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है।





















