पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा
औरैया। कुदरकोट थाना क्षेत्र के गांव इकघरा में बुधवार सुबह 42 वर्षीय एक अधेड़ का शव खेत में नीम के पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान गांव इकघरा निवासी अरविंद कुमार (42) पुत्र दुर्जन सिंह के रूप में हुई है। वह पुताई का काम कर परिवार का भरण-पोषण करता था। परिजनों के अनुसार, अरविंद शराब पीने का आदी था। बताया गया कि मंगलवार शाम भी उसने कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया था, लेकिन आसपास मौजूद लोगों ने समय रहते उसे नीचे उतार लिया था।
बुधवार सुबह गांव का एक युवक तालाब की ओर गया तो उसने दुबे के खेत में स्थित नीम के पेड़ पर अरविंद का शव फंदे से लटका देखा। उसने तत्काल इसकी सूचना ग्रामीणों और परिजनों को दी। सूचना मिलते ही घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताया गया कि अरविंद दो भाइयों में बड़ा था। उसके छोटे भाई का नाम धीरेंद्र कुमार है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
थानाध्यक्ष अमर बहादुर सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि मृतक मजदूरी करता था और शराब पीने का आदी था। मंगलवार को उसके आत्महत्या के प्रयास की भी जानकारी मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की पुष्टि होगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




















