मिलेगा ₹1.5 करोड़ का दुर्घटना बीमा और ₹5 लाख तक कैशलेस इलाज
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा विभाग से जुड़े शिक्षकों और शिक्षणेतर कर्मचारियों के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ी सौगात दी है। रविवार को आगरा में मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा विभाग की दो महत्वपूर्ण योजनाओं का शुभारंभ करेंगे। इसके तहत एक ओर जहां शिक्षकों और कर्मचारियों को ₹1.50 करोड़ तक का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा कवर मिलेगा, वहीं 1.28 लाख से अधिक शिक्षकों एवं उनके आश्रितों को ₹5 लाख तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ भी दिया जाएगा।
उच्च शिक्षा विभाग और पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के बीच होने वाले एमओयू के तहत शिक्षकों और कर्मचारियों को ₹1.50 करोड़ तक का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा, ₹3 करोड़ तक का हवाई दुर्घटना बीमा, ₹12 लाख तक का टर्म लाइफ बीमा तथा ₹60 हजार तक का अस्पताल नकद लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के अंतर्गत प्रदेश के विश्वविद्यालयों, अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों, स्ववित्तपोषित महाविद्यालयों और स्ववित्तपोषित पाठ्यक्रमों में कार्यरत 1.28 लाख से अधिक शिक्षकों एवं उनके आश्रित परिवारों को सूचीबद्ध सरकारी और निजी अस्पतालों में ₹5 लाख तक का कैशलेस उपचार मिलेगा।
योजना के तहत कार्ड जारी होने के पहले दिन से ही पात्र लाभार्थी निर्धारित स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे। अस्पताल में भर्ती, उपचार, दवाइयों और डिस्चार्ज तक का पूरा खर्च योजना के अंतर्गत कवर किया जाएगा। सभी जिलों में भी कार्ड वितरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
योजना में 1,900 से अधिक उपचार पैकेज शामिल किए गए हैं, जिनमें कैंसर, हृदय रोग, किडनी रोग, जटिल सर्जरी समेत कई गंभीर बीमारियों का उपचार शामिल है। योजना का संचालन साचीज (SACHIS) के माध्यम से किया जाएगा और उपचार के लिए आयुष्मान भारत की निर्धारित दरें लागू होंगी। इसके लिए पोर्टल पर शिक्षकों का पंजीकरण भी शुरू कर दिया गया है।





















