चालक समेत चार घायल
उन्नाव। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शनिवार शाम एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगभग 10 फीट गहरी खंती में जा गिरी। हादसे में चालक समेत एक ही परिवार के चार लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची यूपीडा और पीआरवी टीम ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, प्रतापगढ़ सदर निवासी मधुर खंडेलवाल (41) अपनी पत्नी ऋतिका (38) और बेटी आरोही (12) के साथ किसी कार्य से आगरा जा रहे थे। कार प्रतापगढ़ के गड़वारा गांव निवासी आशीष शर्मा (35) चला रहे थे। शनिवार शाम करीब 4:30 बजे बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के हैबतपुर के सामने एक्सप्रेसवे की हवाई पट्टी के पास हल्की बारिश के दौरान कार अचानक अनियंत्रित हो गई।
तेज रफ्तार कार सुरक्षा जाली तोड़ते हुए करीब 10 फीट गहरी खंती में पलट गई। हादसे में कार सवार चारों लोग घायल हो गए।
सूचना मिलते ही यूपीडा और पीआरवी की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बांगरमऊ पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने चालक आशीष शर्मा की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जबकि अन्य घायलों का उपचार जारी है।
बांगरमऊ कोतवाल अखिलेश चंद्र पांडेय ने बताया कि अनियंत्रित होकर खंती में गिरी कार में सवार चार लोग घायल हुए हैं। सभी को अस्पताल पहुंचाकर उपचार कराया जा रहा है। दुर्घटनाग्रस्त कार को खंती से निकालकर सुरक्षित स्थान पर खड़ा करा दिया गया है।







