विशेषज्ञों ने बताए स्वस्थ हृदय के मंत्र
गोरखपुर। रोटरी क्लब गोरखपुर यूफोरिया एवं मारवाड़ी युवा मंच उड़ान के संयुक्त तत्वावधान में मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, साकेत (नई दिल्ली) के सहयोग से “हेल्दी हार्ट, हैप्पी लाइफ” विषय पर हृदय जागरूकता संगोष्ठी का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हृदय रोगों की रोकथाम, समय पर जांच और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर विशेषज्ञों ने विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, साकेत के चेयरमैन (कार्डियोलॉजी) डॉ. विवेका कुमार रहे। उनके साथ डॉ. राहुल चंदोला एवं डॉ. अतुल बेलाला भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
डॉ. विवेका कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि हृदय रोगों से बचाव के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार, दैनिक व्यायाम, तनाव प्रबंधन और स्वस्थ जीवनशैली अपनाना बेहद आवश्यक है। उन्होंने उपस्थित लोगों के प्रश्नों का सरल और प्रभावी ढंग से उत्तर देते हुए सभी को अपने हृदय के स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
डॉ. राहुल चंदोला और डॉ. अतुल बेलाला ने भी हृदय स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न विषयों पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की तथा प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया।
कार्यक्रम में रोटरी क्लब, मारवाड़ी युवा मंच के पदाधिकारियों, सदस्यों और शहर के अनेक गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उपस्थित लोगों ने इस जागरूकता अभियान की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।
यह आयोजन रोटरी क्लब गोरखपुर यूफोरिया की अध्यक्ष रोटेरियन रुचि केड़िया, सचिव रोटेरियन अंकिता रुंगटा तथा मारवाड़ी युवा मंच उड़ान की अध्यक्ष दिशा टिबरेवाल और सचिव महक गोयनका के नेतृत्व में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के संयोजक विकास स्वरूप ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अंत में सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया तथा हाई टी के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। आयोजकों ने भविष्य में भी जनस्वास्थ्य और सामाजिक जागरूकता से जुड़े ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।







