उपभोक्ता कल्याण परिषद समिति की ओर से रविवार को पीडीडीयू नगर स्थित सुभाष पार्क के समीप एक होटल में उपभोक्ता जागरूकता अधिवेशन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सीसीआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनंत शर्मा ने उपभोक्ताओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान करते हुए कहा कि जागरूक और संगठित होकर ही उपभोक्ता मिलावटखोरी और धोखाधड़ी का प्रभावी मुकाबला कर सकता है।
डॉ. अनंत शर्मा ने कहा कि कानून बनने के बावजूद तकनीक के बढ़ते उपयोग के साथ उपभोक्ताओं के साथ ठगी के मामले भी बढ़े हैं। ऐसे में प्रत्येक नागरिक को हर समय सतर्क रहने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि मिलावट, कम नाप-तौल, कालाबाजारी, भ्रामक विज्ञापन, डाटा लीक, साइबर फ्रॉड और ऑनलाइन खरीदारी में गड़बड़ी जैसी शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। इनसे बचने के लिए जागरूकता ही सबसे बड़ा हथियार है।
उन्होंने कहा कि आज स्मार्टफोन और डिजिटल माध्यमों के जरिए लोगों को विज्ञापनों से प्रभावित किया जा रहा है। कई बार उपभोक्ता अपनी वास्तविक जरूरत के बजाय आकर्षक विज्ञापनों के प्रभाव में आकर खरीदारी करता है और ठगी का शिकार हो जाता है। इसलिए खरीदारी करते समय सोच-समझकर निर्णय लेना जरूरी है।
डॉ. शर्मा ने बताया कि उपभोक्ताओं के अधिकारों की सुरक्षा के लिए विभिन्न कानून बनाए गए हैं, लेकिन उनका लाभ तभी मिलेगा जब लोग अपने अधिकारों और जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक होंगे।
कार्यक्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह, बाट-माप अधिकारी प्रतीक सिंह, उपभोक्ता कल्याण परिषद समिति के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश कुमावत, अध्यक्ष भूप सिंह पाल, प्रीति पंड्या, एम. सेल्वराज, रतन श्रीवास्तव तथा जिलाध्यक्ष नरेंद्र पाल सिंह सहित अनेक पदाधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन जिलाध्यक्ष नरेंद्र पाल सिंह ने किया, जबकि अतिथियों का स्वागत मंडल अध्यक्ष विक्रम चौधरी ने किया।







