केवल छह भवन शेष, ध्वस्तीकरण पूरा होते ही शुरू होगा सड़क निर्माण; ड्रोन से निगरानी और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
वाराणसी। दालमंडी चौड़ीकरण परियोजना अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है। प्रशासन के अनुसार परियोजना के तहत चिन्हित अधिकांश भवनों पर कार्रवाई पूरी कर ली गई है और शेष कार्य भी तेजी से कराया जा रहा है।
सहायक पुलिस आयुक्त अतुल रंजन त्रिपाठी ने बताया कि परियोजना के लिए कुल 181 भवनों और 6 धार्मिक स्थलों को चिन्हित किया गया था। इनमें से 140 भवनों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पूरी हो चुकी है, जबकि 35 भवनों पर कार्य जारी है। अब केवल 6 भवनों पर कार्रवाई शेष है।
उन्होंने बताया कि चिन्हित 6 धार्मिक स्थलों को संबंधित पक्ष स्वयं हटा रहे हैं, जिससे परियोजना का कार्य शांतिपूर्ण ढंग से आगे बढ़ रहा है।
दालमंडी क्षेत्र को अत्यधिक व्यस्त और संवेदनशील बताते हुए एसीपी ने कहा कि पूरे अभियान के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। क्षेत्र में बैरिकेडिंग के साथ आरआरएफ (RRF), पीएसी और स्थानीय पुलिस बल की तैनाती की गई है। इसके अलावा ड्रोन कैमरों के माध्यम से पूरे क्षेत्र की निगरानी की जा रही है और आमजन को आवश्यक जानकारी देने के लिए लगातार लाउडस्पीकर से घोषणाएं की जा रही हैं।
एसीपी अतुल रंजन त्रिपाठी ने बताया कि ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पूरी होते ही इसी सप्ताह सड़क निर्माण का कार्य भी शुरू कर दिया जाएगा, जिससे दालमंडी चौड़ीकरण परियोजना को जल्द पूरा किया जा सके।







