बाबतपुर एयरपोर्ट पर कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत, संगठनात्मक बैठकों और अभियान कार्यक्रमों में होंगे शामिल
वाराणसी। भारतीय जनता पार्टी के समरसता संकल्प अभियान के तहत मंगलवार को भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग एवं दुष्यंत गौतम काशी पहुंचे। उनके आगमन पर लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, बाबतपुर पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया।
एयरपोर्ट पर स्वागत करने वालों में प्रमुख रूप से उमेश दत्त पाठक, विपिन सिंह, विपिन मिश्रा, सुमित सिंह अंकुर, शैलेश पांडेय सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
भाजपा के दोनों राष्ट्रीय महामंत्री अपने प्रवास के दौरान समरसता संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे। इसके साथ ही वे संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर अभियान की रणनीति पर चर्चा करेंगे और आवश्यक दिशा-निर्देश भी देंगे।
भाजपा का समरसता संकल्प अभियान समाज के विभिन्न वर्गों के बीच संवाद, सामाजिक समरसता और संगठनात्मक मजबूती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। इसी क्रम में वरिष्ठ नेताओं का यह दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है।







