शिनाख्त के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा
बाराबंकी। असन्द्रा कोतवाली क्षेत्र की सिद्धौर पुलिस चौकी के अंतर्गत जमलापुर नहर पुलिया के पास मंगलवार को एक वृद्ध महिला का शव बरामद होने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसकी शिनाख्त कराई और पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को साल्हाभारी गांव के पास सिद्धौर रजबहा में एक महिला का शव पानी में उतराता हुआ दिखाई दिया। शव मिलने की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और तत्काल सिद्धौर चौकी पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर चौकी प्रभारी गौरव सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को बाहर निकलवाकर पहचान कराने की कार्रवाई की। जांच के दौरान मृतका की पहचान श्रीमती रघुरी (पत्नी स्वर्गीय सत्तन लाल), निवासी ग्राम दौलतपुर, थाना जैदपुर के रूप में हुई। मृतका की पहचान उनके पुत्र शारदा प्रसाद ने की।
पुलिस ने आवश्यक पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। चौकी प्रभारी गौरव सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।







