Heart Health Tips: दिल हमारे शरीर का सबसे अहम अंग है। यह पूरे शरीर में रक्त पहुंचाने का काम करता है, इसलिए इसकी सेहत का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। लेकिन आज की भागदौड़ भरी जिंदगी, अनियमित खानपान और खराब लाइफस्टाइल के कारण कम उम्र में भी लोगों में हृदय संबंधी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि नियमित व्यायाम के साथ सही खानपान अपनाकर दिल को लंबे समय तक स्वस्थ रखा जा सकता है। इसी कड़ी में डॉक्टर डॉ. शालिनी सिंह सालुंके ने एक ऐसे फल के बारे में बताया है, जिसे रोजाना खाने से हार्ट हेल्थ को कई तरह के फायदे मिल सकते हैं।
दिल के लिए क्यों फायदेमंद है अनार?
डॉक्टर के अनुसार, अनार पोषक तत्वों और एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर फल है। इसे नियमित रूप से खाने से हृदय की कार्यक्षमता बेहतर बनाए रखने में मदद मिल सकती है। यह शरीर में खराब कोलेस्ट्रॉल के स्तर को नियंत्रित करने में सहायक माना जाता है, जिससे धमनियों में चर्बी जमने का खतरा कम हो सकता है।
रोज अनार खाने से मिल सकते हैं ये फायदे
ब्लड प्रेशर को संतुलित रखने में मदद
अनार में पोटैशियम अच्छी मात्रा में पाया जाता है। यह शरीर में ब्लड प्रेशर को संतुलित रखने में मदद कर सकता है। नियंत्रित रक्तचाप दिल पर अतिरिक्त दबाव पड़ने से बचाता है।
एंटीऑक्सीडेंट्स का अच्छा स्रोत
इस फल में फ्लेवोनॉयड्स और पॉलीफेनॉल जैसे शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट मौजूद होते हैं। ये शरीर में ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस और सूजन को कम करने में मदद कर सकते हैं, जो हृदय रोगों के जोखिम कारकों में शामिल माने जाते हैं।
वजन नियंत्रित रखने में सहायक
अनार में फाइबर की मात्रा अच्छी होती है और कैलोरी अपेक्षाकृत कम होती है। इसे खाने के बाद लंबे समय तक पेट भरा हुआ महसूस हो सकता है, जिससे बार-बार भूख लगने की समस्या कम हो सकती है और वजन नियंत्रित रखने में मदद मिलती है।
अनार खाने का सही समय
विशेषज्ञों के मुताबिक, मौसम के अनुसार ताजा अनार खाना सबसे बेहतर विकल्प है। इसे सुबह नाश्ते के बाद या दोपहर के भोजन से पहले स्नैक के रूप में खाया जा सकता है। यदि चाहें तो इसके दानों का सेवन करें या बिना अतिरिक्त चीनी मिलाए ताजा जूस भी पी सकते हैं।
नोट: यह जानकारी सामान्य स्वास्थ्य संबंधी सलाह और विशेषज्ञ की राय पर आधारित है। यदि आपको हृदय, ब्लड प्रेशर या किसी अन्य गंभीर बीमारी की समस्या है, तो अपनी डाइट में बदलाव करने से पहले डॉक्टर या योग्य न्यूट्रिशन एक्सपर्ट से सलाह जरूर लें।







