कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा और साइबर अपराध पर रहेगा फोकस
लखनऊ। वर्ष 2001 बैच के आईपीएस अधिकारी तरुण गाबा ने बुधवार को लखनऊ के नए पुलिस कमिश्नर के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालने के बाद आयोजित अपनी पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने राजधानी में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा साइबर अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताया।
प्रदेश सरकार द्वारा हाल ही में किए गए 15 आईपीएस अधिकारियों के तबादलों के तहत तरुण गाबा को लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए अपराध नियंत्रण और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी।
इस प्रशासनिक फेरबदल के तहत लखनऊ के पूर्व पुलिस कमिश्नर अमरेंद्र सिंह सेंगर का पदोन्नति के बाद तबादला कर उन्हें पुलिस महानिदेशक (अभिसूचना) नियुक्त किया गया है।
नवनियुक्त पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा ने कहा कि महिला सुरक्षा, साइबर अपराध पर अंकुश, अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। साथ ही पुलिसिंग को अधिक प्रभावी और जन-केंद्रित बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।







