यूपी राजनीति:, 10 अगस्त से शुरू होंगे कार्यकर्ता सम्मेलन
लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों को तेज करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद की भूमिका का विस्तार किया है। पार्टी प्रमुख मायावती ने उन्हें प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों के चयन की जिम्मेदारी सौंपी है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, अब आकाश आनंद की अगुवाई में प्रदेशभर में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे, जहां संभावित प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जाएगा। इन सम्मेलनों की शुरुआत 10 अगस्त को हाथरस के सादाबाद से होगी, जबकि 25 अगस्त को नोएडा के जेवर में भी उनकी अध्यक्षता में कार्यकर्ता सम्मेलन प्रस्तावित है।
बताया जा रहा है कि हाल ही में आकाश आनंद ने राजधानी लखनऊ में तीन दिवसीय प्रवास के दौरान बसपा प्रमुख मायावती और पार्टी उपाध्यक्ष आनंद कुमार के साथ विधानसभा चुनाव की रणनीति पर विस्तृत मंथन किया था। इसके बाद संगठन में उनकी सक्रिय भूमिका बढ़ाने का निर्णय लिया गया।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि उत्तर प्रदेश में आकाश आनंद की सक्रियता बढ़ने से पार्टी को युवा नेतृत्व के रूप में नई पहचान देने का प्रयास होगा। अब तक उन्हें उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की सक्रिय चुनावी राजनीति से अपेक्षाकृत दूर रखा गया था, लेकिन नए दायित्व के साथ वे चुनावी रणनीति और प्रत्याशी चयन में अहम भूमिका निभाएंगे।
यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है जब प्रदेश में विभिन्न राजनीतिक दल विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटे हैं और युवा मतदाताओं को साधने की कोशिश कर रहे हैं।







